spot_img
Homeकल्याणमनपा चुनाव से पहले कल्याण में सियासी हलचल, सुभाष भोईर भाजपा में...

मनपा चुनाव से पहले कल्याण में सियासी हलचल, सुभाष भोईर भाजपा में शामिल

प्रमोद कुमार

कल्याण (सं.भा.): महानगरपालिका चुनाव से पहले कल्याण की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी सियासी माहौल के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। कल्याण ग्रामीण के पूर्व विधायक सुभाष भोईर ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस घटनाक्रम को आगामी चुनावों से पहले भाजपा की रणनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में सुभाष भोईर का पार्टी में औपचारिक प्रवेश हुआ। भाजपा नेताओं के अनुसार, उनके शामिल होने से संगठन को न केवल कल्याण-डोंबिवली ही नहीं बल्कि पूरे ठाणे और नवी मुंबई क्षेत्र में मजबूती मिलने की उम्मीद है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक सुभाष भोईर की ठाणे महानगरपालिका, नवी मुंबई महानगरपालिका, कल्याण /डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्रों में अच्छी राजनीतिक व सामाजिक पकड़ मानी जाती है। इसके साथ ही आगरी समाज के बीच उनके प्रभाव को देखते हुए भाजपा को एक बड़े वर्ग का समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे चुनावी समीकरण भाजपा के पक्ष में जा सकते हैं।

इस अवसर पर सुभाष भोईर के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। इनमें रमेश पाटील (जिला परिषद सदस्य), सुखदेव पाटील (कल्याण उपविभाग प्रमुख), वासुदेव पाटील, अभिषेक ठाकूर (युवा अधिकारी) के साथ-साथ शाखा प्रमुख, उप-शाखा प्रमुख, युवा अधिकारी और गट प्रमुख सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को उद्धव ठाकरे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। साथ ही यह भी चर्चा है कि इस बदलाव से स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं, क्योंकि कल्याण ग्रामीण से वर्तमान विधायक राजेश मोरे शिवसेना (शिंदे) से जुड़े हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com