फतेहपुर (सं. भा.) : यमुना नदी के कोर्रा भूखंड में मनमाने ढंग से मौरंग खनन किया जा रहा है। चार भूखंडों में पौकलैंड मशीनों से मानक को धता बताकर कोई रात में मौरंग निकाल रहा है तो कोई जलधारा से निकासी कर रहा है। हद तो तब हो गई जब कंपोजिट दो भूखंड में किसानों की भूमिधरी से खनन कराया जा रहा था। ग्रामीणों ने घेराव कर विरोध किया तो मौके पर पुलिस के साथ पहुंचे जिला खनिज अधिकारी ने खनन रोक कर मामले को शांत कराया।
बारिश के बाद जिले में खनन शुरू हुआ तो विवाद भी सामने आने लगे। कोर्रा में चार व मक्षिगवा में चल रहे खनन में पट्टाधारकों मनमानी कर रहे हैं। खनन विभाग व पुलिस की मिलीभगत से मौरंग घाटों से धड़ल्ले से ओवरलोड वाहन निकल रहे है। सीसी कैमरा व तौल मशीन की अनिवार्यता के साथ संचालक मजाक कर रहे है। कोर्रा के मजरे ओनई गांव के किसान राजकिशोर, बलवीर सिंह, नरेंद्र , गुड्डू, हिमांशु आदि ने कहा कि ज्यादातर घाटों में रात को खनन किया जाता है और उस समय सीसी कैमरा दूसरी ओर घुमा दिया जाता है। कहा कि कंपोजिट दो में उनकी भूमिधरी में खनन कर लाखों रुपये की मौरंग निकाल ली गई है। किसानों खनन के लिए बनाए गए रास्ते को अपनी भूमि पर बताया। मौरंग कारोबारी अधिक मुनाफा कमाने के लिए मानकों को किनारे कर खनन करा रहे है। एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ) की शर्तो पर खनन न होने के बादजूद विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। ज्यादातर भूखंडों में पानी अधिक होने से संचालक पानी में मशीनों के माध्यम से मौरंग निकाल रहे है। कोर्रा व अढ़ावल घाट में जलधारा से खनन की शिकायत पिछले साल एनजीटी तक पहुंची थी जिसमें मामले की जांच भी चल रही है। कोर्रा कंपोजिट भूखंड में भूमिधरी में खनन की शिकायत किसानों द्वारा की गई है। किसानों ने खनन में प्रयोग किए जाने वाले रास्ते को भी अपनी भूमि में बताया है, मौके पर खनन स्वीकृत इलाके में मिला है, फिर भी राजस्व टीम को पैमाइश कराने के लिए लिखा गया है।


