भोगनीपुर (सं. भा.) : पुखरायां कस्बा व मीरपुर में कोरोना कर्फ्यू के दौरान दुकानों का शटर खोलकर सामान बिक्री कर रहे दो दुकानदारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुखरायां चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि पुखरायां मेन रोड पर सराफा तिराहा के पास किराना दुकानदार सराफा बाजार मोहल्ला निवासी अवधेश कुमार अपनी दुकान का शटर खोलकर ग्राहकों को सामान बेच रहे थे। इससे दुकान के सामने भारी भीड़ एकत्र थी।
लोग बिना मास्क लगाए शारीरिक दूरी का उल्लंघन कर खरीदारी कर रहे थे। पुलिस ने जब दुकानदार अवधेश कुमार से कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन के बारे में पूछा तो दुकानदार ने कहा कि कोरोना अफवाह है, हमें कोई कोरोना नहीं होता। वहीं दूसरी घटना में मीरपुर में नोनापुर मोड़ के पास दुकानदार वीरेंद्र कुमार ने भी नियम का उल्लंघन कर दुकान खोल रखी थी। पुलिस के आने पर लोग यहां से भाग निकले। दोनों दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


