- PWD की आख्या पर उठे सवाल
फतेहपुर(सं.भा.)मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज सड़क की बदहाली से जुड़ी शिकायत के निस्तारण को लेकर लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने न तो मौके का निरीक्षण किया और न ही उनसे संपर्क किया, इसके बावजूद शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।
मामला फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील क्षेत्र अंतर्गत मलवां ब्लॉक के रेवाड़ी इलाके से जुड़ा है, जहां रामपुर बंबा पुल से इब्राहिमपुर संपर्क मार्ग के करीब एक किलोमीटर हिस्से की हालत खराब बताई गई है।
शिकायतकर्ता अजीत कुमार सैनी के मुताबिक, सड़क की गिट्टी उखड़कर मार्ग पर फैल गई है, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग की निस्तारण आख्या में कथित तौर पर शिकायतकर्ता को अवर अभियंता द्वारा अवगत कराने की बात कही गई है। वहीं सैनी का कहना है कि उनसे किसी अधिकारी ने फोन पर संपर्क नहीं किया और न ही कोई अधिकारी सड़क का निरीक्षण करने पहुंचा। ऐसे में उन्होंने विभागीय आख्या की सत्यता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने सड़क का स्थलीय निरीक्षण, तत्काल मरम्मत और निस्तारण आख्या की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उनका कहना है कि यदि आख्या गलत पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अब सवाल यह है कि जब मौके का निरीक्षण और शिकायतकर्ता से संपर्क ही नहीं हुआ, तो जनसुनवाई की शिकायत का निस्तारण किस आधार पर किया गया? मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


