भदोही (सं.भा.)ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में समाज विकास मंच की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जनहित को समर्पित इस अभियान के तहत क्षेत्र में एम्बुलेंस सेवा शुरू करने के साथ-साथ स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को कई नई सुविधाओं की सौगात दी गई।
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के अंतर्गत आने वाले ज्ञानपुर तहसील के डीघ ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में छह वेंटिलेटर, एक डीजी जनरेटर तथा एक विद्यालय के लिए सोलर सिस्टम का लोकार्पण किया गया। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
समाज विकास मंच के अध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि डीघ ब्लॉक और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि समाज और संगठन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
इस अवसर पर उन्होंने सहयोग देने वाले सभी संस्थानों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से वेंटेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के शैलेन्द्र यादव, रेडेक्स इंडिया लिमिटेड के अरविन्द तिवारी, जूनिपर ग्रीन एनर्जी के इंडिया प्रोजेक्ट हेड अंबरीश पाण्डेय तथा अन्य सहयोगियों के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि एम्बुलेंस सेवा, वेंटिलेटर और अन्य सुविधाओं से डीघ ब्लॉक के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


