- संजय राउत ने लागए आरोप
- बावनकुले ने कसीनो में उड़ाए 3.5 करोड़
- राउत के पास बावनकुले के 27 फोटो और 5 वीडियो होने का दावा
मुंबई (सं. भा.) : महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले इन दिनों परिवार के साथ मकाऊ यात्रा पर गए हैं। सोमवार को बावनकुले के मकाऊ यात्रा का राज खोलते हुए शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया पर दोपहर 1 बजकर 12 मिनट पर एक फोटो पोस्ट की। कैप्शन लिखा ‘महाराष्ट्र जल रहा है… और यह महाशय मकाऊ के कसीनो में जुआ खेल रहे हैं। फोटो जूम करके देखिए ये वही हैं न? पिक्चर अभी बाकी है।’ संजय राउत की इस पोस्ट से बीजेपी में खलबली मच गई, क्योंकि कसीनो (जुआ घर) की फोटो में बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले दिखाई दे रहे हैं। 26 मिनट बाद राउत ने दूसरी पोस्ट की, जिसमें उसी फोटो पर उन्होंने लिखा, ’19 नवंबर… आधी रात… मुक्काम पोस्ट मकाऊ वेनेशाइन… लगभग 3.50 करोड़ कसीनो के जुए में उड़ा दिए, ऐसा प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है। हिंदुत्ववादी होने के कारण अगर महाशय द्यूत (यानी जुआ) खेले तो क्या बिगड़ता है? ये वही हैं न…?
बीजेपी ने दिया जवाब
राउत की इन दो पोस्ट के बाद बीजेपी की तरफ से पहली प्रतिक्रिया आई, ‘हमारे प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने जिंदगी में कभी जुआ नहीं खेला। जिस होटल में वह सपरिवार रुके, यह उस होटल का परिसर है। खैर जिनकी जिंदगी एक जुआ हो गई, उनकी नज़र जुए के पार जा ही नहीं सकती। हमें सिर्फ इतना बताओ कि संजू भाई आदित्य के ग्लास में किस ब्रांड की व्हिस्की है?’

बानवकुले की सफाई
वहीं, फोटो में दिखाई दे रहे बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने सफाई दी, ‘मैं मकाऊ में जिस होटल में सपरिवार रुका था, वहां का यह परिसर है। इस होटल के ग्राउंड फ्लोर पर रेस्ट्रॉन्ट और कसीनो एक ही है। खाना खाने के बाद मैं परिवार के साथ रेस्ट्रॉन्ट में बैठा था, तभी किसी ने यह फोटो खींचा है।’
राउत की एक और पोस्ट
बीजेपी की पोस्ट और बावनकुले की सफाई आने के बाद सांसद संजय राउत ने दोपहर 2 बजकर 28 मिनट पर एक और पोस्ट की। उसमें लिखा, ‘वो कह रहे हैं फैमिली के साथ मकाऊ गए हैं… जाने दो। उनके साथ बैठी फैमिली चीनी है क्या? वो कहते हैं, कभी जुआ नहीं खेला। तो फिर वे वहां क्या कर रहे हैं? उनकी टेबल पर मारुति स्तोत्र हैं क्या? जितनी सफाई दोगे, उतना फंसोगे! जितना तमाशा हो गया है, वह क्या कम है!’
बाद में राउत मीडिया से कहा कि उनके पास 27 फोटो और पांच विडियो हैं। परंतु हमारे भीतर थोड़ी इंसानियत है। अगर सभी 27 फोटो और विडियो पोस्ट कर दिए, तो बीजेपी को दुकान बंद करनी पड़ेगी। परंतु मैं ऐसा नहीं करूंगा। उनकी दुकान 2024 तक चलनी चाहिए।


