मुंबई (सं. भा.) देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती पर रविवार को मुंबई कांग्रेस की ओर से 227 वार्डो में सद्भावना यात्रा निकाली गई। मुख्य कार्यक्रम मुंबई कांग्रेस की ओर से चर्चगेट, कुपरेज मैदान में आयोजित कर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. वर्षा गायकवाड़ ने राजीव गांधी की पुण्य स्मृति पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा, विधायक भाई जगताप, कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सप्रा विधायक अमीन पटेल, असलम शेख, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, चंद्रकांत हंडोरे, पूर्व विधायक मधु चव्हाण और अशोक जाधव, महासचिव संदीप शुक्ला, महेंद्र मुणगेकर, लक्ष्मण कोठारी, कचरू यादव व अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुंबई कांग्रेस द्वारा शाम को मुंबई के 227 वार्डों में सद्भावना यात्रा का आयोजन किया गया।

इस यात्रा के दौरान 227 वार्डों में आम नागरिकों, बालक- बालिकाओं, महिलाओं एवं जनता को स्व. राजीव द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी देने वाला पत्रक वितरित किया गया। जिसमें स्व राजीव गांधी द्वारा सूचना और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विकास की नींव रखना, स्थानीय स्व-सरकारी निकायों में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण, स्थानीय स्व- सरकारी निकायों का निर्माण, 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मतदान का अधिकार देना, जवाहर नवोदय का विकेंद्रीकरण, राजीव जी के शासनकाल में देश में विद्यालयी शिक्षा, दूरसंचार क्रांति आदि कार्यों की जानकारी दी गयी।



