spot_img
Homeमुंबईजयप्रीत बार पर ‘दिखावटी कार्रवाई’

जयप्रीत बार पर ‘दिखावटी कार्रवाई’

दहिसर पुलिस ने उच्च अधिकारियों को गुमराह करने के लिए रचा नाटक!

मुंबई (स भा): दहिसर पुलिस स्टेशन के कुछ ही कदमों की दूरी पर चल रहे विवादित जयप्रीत बार को लेकर जब हमारी टीम ने पहले खुलासा किया था कि ‘यह बार गैरकानूनी गतिविधियों और अश्लील डांस का अड्डा बना हुआ है’, तो खबर का असर तुरंत दिखा। लेकिन यह सच्चे अर्थों में कार्रवाई नहीं, बल्कि एक ‘दिखावटी ड्रामा’ बनकर रह गया।
सूत्रों के अनुसार, मीडिया में खबर चलने के बाद, दहिसर पुलिस ने उच्च अधिकारियों की नजरों में अपनी छवि बचाने के लिए सिर्फ खानापूर्ति की। पुलिस ने धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना) के तहत एक मामूली कार्यवाही को अंजाम दिया, जो न तो प्रभावी थी और न ही ईमानदारी भरा।
सूत्र यह भी बताते हैं कि यह पूरी कार्रवाई पहले से ही ‘सेट’ थी। न तो बारगर्ल्स पकड़ी गईं, न कोई गंभीर आरोप दर्ज हुआ । सिर्फ कागजों में कार्रवाई दर्ज कर दी गई, ताकि उच्च अधिकारी समझें कि पुलिस सक्रिय है। हकीकत यह है कि जयप्रीत बार आज भी उसी ढंग से, उसी बेफिक्री के साथ और शायद अब पहले से ज्यादा आत्मविश्वास के साथ संचालित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब सिर्फ ‘मैनेजमेंट’ का खेल है। कार्रवाई से पहले ही अंदरखाने सेटिंग हो जाती है । फोन घुमाए जाते हैं, लोगों को सतर्क किया जाता है, और फिर ‘नकली कार्रवाई’ की पटकथा पर काम शुरू होता है।

मुख्यमंत्री और कमिश्नर के आदेश भी सिर्फ ‘कागजी ‘

मानसून सत्र के दौरान मुख्यमंत्री और मुंबई पुलिस कमिश्नर ने साफ निर्देश दिए थे कि किसी भी पुलिस स्टेशन की सीमा में अवैध बार या अनैतिक धंधा चलता मिला, तो संबंधित पुलिस अधिकारी पर सख्त कार्रवाई होगी। लेकिन जयप्रीत बार के मामले में यह आदेश सिर्फ फाइलों तक सीमित रह गया लगता है।
इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है, क्या जयप्रीत बार को किसी ‘ऊंचे संरक्षण’ का लाभ मिल रहा है? क्या पुलिस की ‘मौन मेहरबानी’ के पीछे कोई बड़ी साजिश है?
दहिसर में पुलिस और जसप्रीत बार के बीच की यह कथित सांठगांठ अब खुलकर सामने आ चुकी है। अगर प्रशासन सच में ईमानदार है, तो उसे इस ‘दिखावटी कार्रवाई’ से आगे बढ़कर असली दोषियों पर हाथ डालना होगा। वरना, यह मामला मुंबई पुलिस की साख पर एक और धब्बा बनकर रह जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com