spot_img
Homeउत्तर प्रदेशटीईटी: दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचे दो अभ्यर्थियों को पुलिस ने...

टीईटी: दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचे दो अभ्यर्थियों को पुलिस ने पकड़ा

सुलतानपुर (सं. भा.) : शिक्षक पात्रता परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंची महिला समेत दो लोगों को चेकिग के दौरान पकड़ लिया गया। आरोपितों को कादीपुर व लम्भुआ कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कादीपुर: नेशनल इंटर कालेज में छह सौ अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। सुबह करीब दस बजे मोहम्मद अकबर परीक्षा देने पहुंचा। सुरक्षा कर्मियों ने प्रपत्रों की जांच की तो प्रवेश पत्र में मोहम्मद अबरार व आधार कार्ड में मोहम्मद अकबर लिखा पाया गया। आरोपित से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि आवेदन करने के दौरान उसका नाम गलती से मोहम्मद अबरार प्रिंट हो गया है।
केंद्र व्यवस्थापक डा. केडी सिंह ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पता चला है कि 28 नवंबर को आयोजित टीईटी में भी मोहम्मद अकबर ने मोहम्मद अबरार की जगह परीक्षा दी थी।

लम्भुआ: सर्वोदय इंटर कालेज में दूसरी पाली की परीक्षा के लिए कुसुम के नाम प्रवेश पत्र जारी किया गया था। सूचना मिली कि कुसुम की जगह सुमन नाम की महिला परीक्षा दे रही है। जांच की गई तो परीक्षार्थी के पास मौजूद सभी परिचय पत्र सुमन के ही नाम के थे। एसडीएम महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नाम में विभेद के चलते उसकी कापी को अलग से जांच के लिए भेजा जा रहा है। केंद्र व्यवस्थापक डा. गुलाब सिंह ने बताया कि जांच पत्र व परीक्षार्थी के परिचय पत्र मेल नहीं खा रहे हैं, विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com