मुंबई(स भा): रक्षाबंधन के मौके पर अपनी बहन को दावत देने की तैयारी कर रहे एक परिवार में मातम छा गया। कुरार इलाके में केकड़ा पकड़ने गए एक युवक और उसे बचाने के लिए तालाब में कूदे उसके पिता की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के संबंध में कुरार पुलिस स्टेशन में एडीआर दर्ज की गई है।
कुरार पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार दोपहर को अप्पापाडा के आदिवासी पाडा में हुआ। मृतक एकनाथ पाटील (50) और उनका बेटा वैष्णव पाटील केकड़ा पकड़ने के लिए एक तालाब में गए थे। एकनाथ तालाब के बाहर खड़े थे, जबकि उनका बेटा वैष्णव अंदर केकड़ा और मछली पकड़ रहा था। कुछ देर बाद जब एकनाथ ने देखा कि उनका बेटा तालाब में डूब रहा है, तो उसे बचाने के लिए वह भी बिना सोचे समझे तालाब में कूद गए। दुर्भाग्यवश, वे दोनों दलदल में फंस गए और उनकी मौत हो गई। कुरार पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।


