नालासोपारा (सं. भा.) तुलिंज पुलिस स्टेशन के अपराध शाखा की टीम ने प्रगति नगर इलाके से 7 लाख रुपये चोरी कर नेपाल भाग रहे एक 27 वर्षीय आरोपी को सूरत एयरपोर्ट से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त कर ली है। उसके पास से टीम ने 4 लाख नकद व 1.5 लाख रुपये मूल्य का आईफोन बरामद किया। पूछताछ में उसने अपना नाम नवीन बलराम बिस्ट बताया। इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दी है।

सूरत एयरपोर्ट पर धराया
तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने बताया कि इस मामले की शिकायतकर्ता एक महिला हैं, जो कि नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर स्थित शिवशाही अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहती है। महिला ने पुलिस को बताया कि नवीन बलराम बिस्ट नामक व्यक्ति को उन्होंने 4 साल से अपने घर में रखा था, जिसके कारण वह हमारे घर में एक सदस्य के रूप में था। हम लोगों ने गांव में जमीन खरीदने के लिए 7 लाख रुपये जमा किये थे, जिसकी जानकारी नवीन को थी। घटना के दिन वह घर में अकेला था और बैग में रखे रुपये पर उसकी नियत खराब हो गई, जिसे लेकर वह फरार हो गया है।


