मीरा रोड (सं. भा.) खाने-पीने की वस्तुओं में नशीला पदार्थ मिलाकर लोगों को लूटने वाले 3 आरोपियों को काशीमीरा क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सागर महेंद्र भाई पारेख निवासी सूरत, संपत राज उर्फ संपो गेवेर चंद जैन निवासी अहमदाबाद और सुभाष अरविंद पाटील निवासी अहमदाबाद गुजरात है। पुलिस ने इनके पास से कुल 5,90,000 मूल्य के स्वर्ण आभूषण बरामद किए हैं। बताते हैं कि 16 मार्च को दोपहर 3 – बजे बोरीवली से मीरा रोड के बाप्पा सीताराम मंदिर तक ऑटो रिक्शा में प्रवास के दौरान आरोपियों ने ऑटो ड्राइवर को विश्वास में लेकर फ्रूटी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था। फ्रूटी पीने के बाद बेहोश हो जाने पर उस ऑटो ड्राइवर के गले में पहने हुए 10 ग्राम वजन के 50 हजार रुपए मूल्य की सोने की चैन आरोपियों ने निकाल लिए थे, जिसकी शिकायत नया नगर पुलिस थाने में दर्ज की गई थी। पुलिस उप आयुक्त अविनाश अंबुरे, स. पुलिस आयुक्त अमोल मांडवे आदि की टीम आरोपियों की समानांतर तलाश में जुटी थी।



