मुंबई (सं. भा.) मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने मुंबई मेट्रो लाइन 7ए के मार्ग पर टनल के लिए पहली टनल बोरिंग मशीन की मदद से सुरंग बनाने का काम शुरू कर दिया है। बता दें कि मुंबई की मेट्रो लाइन 7ए, मेट्रो लाइन 7 का विस्तार है, जो कि आने वाले समय में परिवहन के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा 3.442 किमी लंबी मेट्रो लाइन 7 ए प्रोजेक्ट के मार्ग में 2.49 किमी लंबी ट्विन टनल के लिए T62 टनल बोरिंग मशीन की मदद से काम 1 सितंबर 2023 को शुरू किया गया और इनिशियल ड्राइव एक महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद अंतिम ड्राइव शुरू की जाएगी। एमएमआरडीए इस प्रोजेक्ट को मई 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य बना रही है। इसमें जमीन के नीचे करीब 12 से 28 मीटर गहरी सुरंग होगी, जिसे अंडरग्राउंड मेट्रो से एलिवेटेड मेट्रो का सफर आसान हो जाएगा।

24 घंटे जारी रहेगा टनल खोदने का काम इस काम को समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए 24 घंटे सुरंग खोदने का काम जारी रखा जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए नियुक्त टीम लीडर पूरे काम की निगरानी करेंगे और प्रोजेक्ट की प्रगति सुनिश्चित भी करेंगे। इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी बाधा रही अंडरग्राउंड गटर लाइन को माइक्रोटनलिंग तकनीक का इस्तेमाल कर सफलतापूर्वक मोड़ दिया गया है। यह काम 30 जनवरी 2023 को सफलतापूर्वक तरीके से पूरा किया गया था।
मेट्रो रूट 7ए के पूरा होने से शहर में ट्रैफिक कम होगी। इससे ईंधन की खपत भी कम होगी। यह मार्ग भविष्य में मुंबई शहर, उपनगरों को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ेगा, इसलिए रोजगार के अधिक अवसर होंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगा। – संजय मुखर्जी, एमएमआरडीए कमिश्नर


