न्यायिक क्षेत्र में योगदान को याद किया गया
फतेहपुर(सं. भा.): जनपद कचहरी परिसर में स्व. अमर सिंह राठौर की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं और नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति विक्रम डी. चौहान, प्रशासनिक जज उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने फीता काटकर और माल्यार्पण कर प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जज सुधीर कुमार ने की, जबकि जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति चौहान ने अपने संबोधन में स्व. राठौर के न्यायिक क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि वे न केवल एक कुशल अधिवक्ता थे, बल्कि अधिवक्ताओं के हितों के लिए सदैव संघर्ष करने वाले योद्धा थे। उनकी सादगी, ईमानदारी और संघर्षपूर्ण जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।
जिला जज सुधीर कुमार ने कहा कि कचहरी परिसर में स्व. राठौर की प्रतिमा का होना अधिवक्ता समाज के लिए गर्व की बात है। यह प्रतिमा उन सभी अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणा बनेगी जो न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गया प्रसाद दुबे और महामंत्री जितेन्द्र सिंह गौतम ने कार्यक्रम का संचालन किया। बार के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद कुमार रायज़ादा, राकेश वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता बलिराज उमराव, देवेन्द्र सिंह गौतम, संतोष कुमारी शुक्ला, सुरेन्द्र सिंह यादव, हरबिन्द श्रीवास्तव, अजीत राठौर, समरजीत सिंह, विपिन सिंह यादव तथा आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप गर्ग सहित अन्य अधिवक्ता और नागरिक मौजूद रहे।


