spot_img
Homeउत्तर प्रदेशराम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर विधान परिषद में हंगामा, सत्ता-विपक्ष में तीखी...

राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर विधान परिषद में हंगामा, सत्ता-विपक्ष में तीखी नोकझोंक

लखनऊ (सं.भा.) उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। विधान परिषद में समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी, शिक्षक भर्ती और अन्य मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

सपा सदस्यों ने कार्यस्थगन प्रस्ताव के जरिए राम मंदिर ट्रस्ट के दानपात्र से कथित चोरी के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। नेता सदन एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जैसे ही जवाब देने के लिए खड़े हुए, सपा सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए। हंगामे के चलते सभापति को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

हंगामे के बीच केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग आज चंदा चोरी की बात कर रहे हैं, उन्होंने कभी राम मंदिर आंदोलन का साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि “1992 में ढांचा गिराने पर हमें गर्व है और आने वाले समय में सपा पर हनुमान जी की गदा चलेगी।” उनके इस बयान पर सदन में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया।

वहीं, शिक्षक नेता राज बहादुर सिंह चंदेल ने सेवारत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा योजना में शामिल करने की मांग उठाई। सरकार की ओर से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया। बाद में कार्यस्थगन प्रस्ताव को सरकार के विचारार्थ भेजे जाने के बाद सदन की कार्यवाही सामान्य हो सकी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com