फतेहपुर (सं. भा.)। बिंदकी, विश्व हिंदू परिषद(विहिप), बजरंग दल ने नगर के रामलीला मैदान से जन जागरण यात्रा निकाल कर राम मंदिर निर्माण में लोगों का सहयोग मांगा। यात्रा में राम भक्तो पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। सुरक्षा में भरी पुलिस बल मौजूद रही।
रविवार को नगर के रामलीला मैदान पर सुबह से ही राम भक्तों का आना शुरू हो गया था। 11 बजे सभी राम भक्त हाथों में भगवा ध्वज लेकर जय श्री राम के नारे लगाते हुए बजरंग दल के जिला संयोजक शैलेष सिंह की अगुवाई में निकले। यात्रा नगर के गांधी चौराहा, बजाजा गली, फाटक बाजार, महजनी गली, मुगल रोड, खजुहा चौराहा, अंबेडकर चौराहा होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। वहां पर एक जन सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री, बजरंग दल के प्रांत संयोजक आचार्य अजीत राज ने राम भक्तों को संबोधित किया। बजरंग दल प्रांत संयोजक आचार्य अजीत राज ने कहा कि 15 जनवरी से राम मंदिर निधि समर्पण अभियान की शुरुआत होगी। प्रत्येक हिंदू परिवार से सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने राम मंदिर के संघर्षों को याद कर हिंदू समाज को जगाने का प्रयास किया। इस मौके पर विभाग संयोजक पंकज कसेरा, जिला गौ रक्षा प्रमुख अमित सिंह, जिला मिलन केंद्र प्रमुख मोनू गुप्ता, जिला बलोपासना प्रमुख अमित सिंग, नगर संयोजक आकाश सविता, आदर्श चौहान, हर्षित, दीनू सविता, राजा अग्निहोत्री सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


