कानपुर देहात (सं. भा.) : कलेक्ट्रेट में रविवार को डीएम ने एसपी व अन्य अफसरों के साथ बैठक कर निकाय चुनाव में सुरक्षा इंतजाम चुस्त दुरुस्त करने पर जोर दिया। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स तैनाती के निर्देश दिए।
डीएम राकेश कुमार सिंह ने एसपी रतन कान्त पांडेय व चुनाव से जुड़े अन्य अफसरों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। निकाय चुनाव के लिए अबतक की तैयारी की समीक्षा की गई। मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता को लेकर विमर्श किया गया। शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए 83 मतदान केंद्रों में छह अति संवेदनशील प्लस, 27 अति संवेदनशील, 24 संवेदनशील व 26 सामान्य श्रेणी के पाए गए हैं। डीएम ने कहा कि बूथवार चुनाव में गड़बड़ी करने वाले संभावितों की चिह्नित किया जाए और कड़ी चेतावनी के साथ पाबंद किया जाए। उन्होंने एसपी से संवेदनशीलता कम करने के प्रयास करने को कहा। साथ ही आर्दश चुनाव आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी एसडीएम, सीओ व एसओ को क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों की नियमित चेकिंग की जाए। चुनाव से जुड़ी या अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने पर कार्रवाई की जाए। एडीएम प्रशासन शिवशंकर गुप्ता, एसडीएम राजीव पांडेय, परवेज अहमद, एएसपी एके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
अति संवेदनशील बूथ पर रहेगा अतिरिक्त फोर्स
RELATED ARTICLES


