सफीपुर (सं. भा.) : विकास खंड क्षेत्र की नगर पंचायत कुरसठ स्थित खोवा मंडी में चेयरमैन के गुर्गों द्वारा की जा रही अवैध उगाही की शिकायत सभासद ने उच्चाधिकारियों से की थी। शिकायत के बाद भी उगाही बंद नहीं होने से किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों ने सीएम दरबार में दस्तक देने की बात कही है।
कुरसठ नगर और ग्रामीण क्षेत्र के किसान दुधारू पशुओं को पालकर उसके दूध से खोवा व पनीर आदि तैयार करते हैं और इसे आसपास लगने वाली हाट-बाजार में बिक्री कर आजीविका चलाते हैं। नगर पंचायत कुरसठ में सप्ताह में तीन दिन बुधवार, शुक्रवार व रविवार को बाजार लगती जिसमें आसपास क्षेत्र के सैकड़ों किसान खोया बेचने आते हैं। इन किसानों से चेयरमैन के गुर्गे जबरन अवैध वसूली करते हैं। विरोध करने पर उनसे अभद्रता की जाती है। सभासद राकेश गुप्ता ने किसानों की इस समस्या को देखते हुए उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की। लेकिन अवैध वसूली बंद नहीं हुई। किसानों में शंकर, हेमराज, अवनीश, रामलाल आदि ने बताया कि वह लोग खोया बेचकर अपने परिवार का जीवन यापन करते हैं लेकिन, बाजार में अवैध वसूली होने से सभी परेशान हैं। शिकायत के बाद भी वसूली बंद नहीं हुई है। कहा कि अब वह लोग सीएम से मिलकर इस समस्या का निदान होने की फरियाद लगाएंगे।


