वसई-विरार(स भा): शहर की जर्जर और गड्ढेदार सड़कों से नाराज बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) ने वसई-विरार महानगर पालिका मुख्यालय के बाहर एक विशाल मोर्चा निकाला। विधायक हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में बविआ ने न केवल मनपा से शहर की सड़कें तुरंत दुरुस्त करने की मांग की, बल्कि चेतावनी भी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। आपको बता दें कि मोर्चे के दौरान बविआ नेताओं ने मनपा के बांधकाम शहर अभियंता प्रदीप पाचांगे को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की मरम्मत और गड्डों को भरने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि शहर की हालत इतनी खराब हो गई है कि आम नागरिकों के लिए सुरक्षित यात्रा करना मुश्किल हो गया है।
इस आंदोलन में पूर्व सांसद बलिराम जाधव, पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर, पूर्व विधायक राजेश पाटिल, पूर्व महापौर नारायण मानकर, पूर्व उपमहापौर उमेश नाईक, पूर्व सभापति नीलेश देशमुख, रुपेश जाधव, अजीव पाटिल, पंकज ठाकुर, प्रदीप सिंह और बविआ के सभी पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भी मोर्चे में मौजूद थे, जिन्होंने सड़क सुधार की मांग में जोरदार नारे लगाए।
विधायक हितेंद्र ठाकुर ने कहा कि वसई-विरार शहर के नागरिक लंबे समय से खराब सड़कों से परेशान हैं और मनपा को अब तुरंत कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मनपा की ओर से कोई तात्कालिक कदम नहीं उठाया गया, तो बविआ आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप देगी।
बविआ नेताओं ने यह भी कहा कि शहर की मुख्य सड़कों के अलावा मोहल्लों की छोटी सड़कों और गली-मोहल्लों की हालत भी खराब है, और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि सड़क सुधार ही नागरिक सुरक्षा और शहर के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक है।


