मंत्री यशोमति ठाकुर ने दी बच्चों को बधाई
मुंबई (सं. भा.) विभिन्न कारणों से बाल सुधार गृह में रहने वाले नाबालिग बच्चों को राष्ट्र की मुख्य धारा में वापस लाने के लिए सरकार अनेक प्रयास कर रही है। साथ ही उसको शिक्षित करने के लिए भी ध्यान दे रही है। राज्य के बाल गृहों में रहकर पढ़ाई करने वाले 529 छात्रों ने दसवीं की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इन विद्यार्थियों में से 7 ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री एड. यशोमति ठाकुर ने बालगृह के प्रयासों की सराहना करते हुए बधाई दी है।
मंत्री यशोमति ठाकुर ने कहा कि मुझे गर्व है कि बालगृह के इन छात्रों ने अपनी लगन से विपरीत परिस्थितियों में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने विभाग के स्टाफ को छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया. बालगृहों में छात्रों को सभी सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और पारिवारिक प्रेम प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाता है।
संभाग अनुसार सफल विद्यार्थी
राज्य में पुणे संभाग से सबसे अधिक 188 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, इसके बाद औरंगाबाद संभाग से 101 छात्र, कोंकण संभाग से 98, नासिक संभाग से 61 छात्र, अमरावती संभाग से 51 छात्र और नागपुर संभाग से 30 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। पास होने वाले छात्रों में से 32 छात्रों ने 85 से 90 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। 105 छात्रों ने 75 से 85 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं जबकि 152 छात्रों ने 65 से 75 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।


