spot_img
Homeउत्तर प्रदेशशिकायत का निस्तारण किए बिना दारोगा ने लगा दी रिपोर्ट

शिकायत का निस्तारण किए बिना दारोगा ने लगा दी रिपोर्ट

सुलतानपुर (सं. भा.) : समाधान दिवस पर बंधुआ कला थाना पहुंचे डीएम रवीश गुप्ता व एसपी डा. विपिन कुमार मिश्र एक दारोगा की करतूत पर आग-बबूला हो गए। आइजीआरएस शिकायत संबंधी फाइलों की जांच करने के दौरान एसपी ने पाया कि खोखीपुर निवासी एक शिकायतकर्ता के रास्ते के विवाद को बिना हल किए ही पुलिस की तरफ से निस्तारण रिपोर्ट लगा दी गई।

हकीकत जानने के लिए एसपी ने शिकायतकर्ता से फोन पर बात की तो उसने बताया कि पुलिस ने उनसे संपर्क ही नहीं किया था। इस बात पर एसपी ने बीट दारोगा की जमकर क्लास ली और डीएम की तरफ से भी इस तरह की दोबारा गलती न करने की हिदायत दी गई। संबंधित राजस्व कर्मी को पीड़ित व्यक्ति को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए निर्देशित किया गया। सरकारी जमीन पर हो रहे कब्जे को भी हटाने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया। भूमि विवाद को सुलझाने के दौरान पक्षकारों के साथ ग्रामीणों की वीडियोग्राफी भी कराए जाने की बात कही गई। मौके पर थाना प्रभारी रवींद्र कुमार सिंह, एसआइ डीके सिंह, शैलेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। दोस्तपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में 18 मामले आए। इनमें मौके पर तीन का निस्तारण कर दिया गया। कूरेभार में एसओ श्रीराम पांडेय की अगुवाई में जन समस्याएं सुनी गईं। पांच शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस टीम का गठन किया गया। धम्मौर में 12 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष विकास गौतम, राजस्व निरीक्षक जेएन सिंह, उपनिरीक्षक वंशराज सिंह आदि मौजूद रहे। थाना परिसर करौंदीकला में थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में 17 शिकायतें सुनीं गई, जिनमे से चार का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com