सुलतानपुर (सं. भा.)। ड्रेन से गीली मिट्टी निकालने गई एक किशोरी डूबने लगी। उसे बचाने की कोशिश में उसकी चार अन्य सहेलियां भी डूब गईं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर पांचों शव ढूंढ निकाले। घटना मोतिगरपुर के खजुरी नटौलिया गांव के पास हुई।
मिट्टी निकालने के लिए उतरी थीं गहरे पानी में
शनिवार की दोपहर खजुरी गांव की छह किशोरियां दीपावली पर घरौंदा बनाने के लिए कूरेभार ड्रेन (नाले) से मिट्टी निकालने गई थीं। इसी बीच गहरे पानी में जाने के कारण नौ वर्षीय खुशबू डूबने लगी। उसे बचाने की कोशिश में एक-एक कर लगभग 13 साल की नाजमा, आस्मीन, अनजान, आशिया और नौ साल की खुशी डूबती चली गईं।

मामा ने चीख सुनकर ड्रेन में लगाई छलांग
बंधे पर खड़ी सानिया की गुहार पर उसके मामा मिथुन तत्काल मौके पहुंचे और ड्रेन में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत कर उन्होंने चार किशोरियों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब चारों की मौत हो चुकी थी। खुशबू का शव घंटों तलाश के बाद मिला। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। साथ ही पीड़ित परिवारों को अनुमन्य सहायता जल्द प्रदान किए जाने की बात कही।
गोताखोरों की व्यवस्था नहीं कर सके अधिकारी
ग्रामीणों की मेहनत से किशोरियों का शव बाहर निकाल लिया गया। देर शाम तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी गोताखोरों की व्यवस्था नहीं कर सके।
…परदेश मेंं हैं किशोरियों के पिता
नाले में डूबीं पांचों किशोरियों के पिता रोजी-रोटी के चक्कर में परदेश में हैं। सभी फेरी लगाकर तरह-तरह के घरेलू उपयोग के सामान बेचते हैं।
सभी जूनियर स्कूलों में कर रही थीं पढ़ाई
आशिया श्याम कुमारी बालिका इंटर कालेज में कक्षा पांच की छात्रा थी। अन्य जूनियर हाई स्कूल पेमापुर में अध्ययनरत रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि शनिवार को ये सभी विद्यालय नहीं आई थीं। मिथुन व गुल्लू की मेहनत बेकार गई। दोनों ने बताया कि हमने बेटियों को बचाने का बहुत प्रयास किया। बाहर निकालकर पंप किया, लेकिन हम बचा नहीं सके।


