सुलतानपुर (सं. भा.) : कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्रामीण सड़कों से लेकर ईट-भट्ठों पर चलने वाले ट्रैक्टरों को अवयस्क व अप्रशिक्षित लोग चला रहे हैं। जिनके पास लाइसेंस तक नहीं हैं। इससे आए दिन सडक दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कंधईपुर के अलीपुर में तीन माह पहले इसी के चलते दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी बभनगंवा रोड, धरौली, इस्लामगंज व शंभूगंज क्षेत्र में कम उम्र के लड़के ट्रैक्टर चलाते व ईट-भट्ठों से ईट लादकर सड़कों पर ट्रैक्टर चलाते देखे जा सकते हैं। लेकिन पुलिस व आरटीओ इनको नजरंदाज कर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ भाग खड़े होते हैं और बाद में किसी चालक का लाइसेंस लगा ट्रैक्टर मालिक वाहन को आसानी से छुड़ा लेते हैं। हनुमानगंज-पखरौली रोड पर हादसे में फतेपुर पखरौली की महिला की मौत हो या कामतागंज पेट्रोल टंकी पर बोलेरो ट्रैक्टर की टक्कर हो। सभी मामलों में दूसरे ट्रैक्टरों के कागजात लगाकर लोगों ने मामला ही रफा दफा कर लिया। क्षेत्र के राकेश कसौंधन, गोकुल, इलियास अहमद, महमूद स्वामीनाथ आदि ने आला अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


