फतेहपुर (सं. भा.): सेना से रिटायर होकर शांत जीवन बिता रहे पूर्व सैनिक को पेट्रोल पंप दिलाने का सपना दिखाकर ठग ने लाखों रुपये हड़प लिए। आरोपी ने रिटायर्ड फौजी से ₹3 लाख 85 हजार वसूल किए, लेकिन न तो जमीन दिलाई और न पेट्रोल पंप का लाइसेंस।
मामला हथगाम थाना क्षेत्र के बंदीपुर निवासी रिटायर्ड फौजी राजेश कुमार का है, जो वर्तमान में फतेहपुर शहर के हरिहरगंज कृष्णा कॉलोनी में रहते हैं। शिकायत के अनुसार, किशनपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर निवासी रत्नेश कुमार उर्फ पिंटू ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि वह पेट्रोल पंप स्वीकृत कराने में मदद कर सकता है।
विश्वास में आए रिटायर्ड सैनिक ने आरोपी को ₹3 लाख 85 हजार 200 रुपये दे दिए। लेकिन महीनों बीतने के बाद भी न कोई कागजी प्रक्रिया हुई और न रकम वापस मिली। जब राजेश कुमार ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी।
आख़िरकार परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम ने बताया कि, “शिकायत के आधार पर आरोपी रत्नेश कुमार उर्फ पिंटू के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”
पेट्रोल पंप का झांसा देकर रिटायर्ड फौजी से लाखों की ठगी
RELATED ARTICLES


