फतेहपुर (सं.भा.) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां बेटी को परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे किसान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम छा गया।
घटना कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कंसपुर रेलवे ब्रिज के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गुगौली गांव निवासी 55 वर्षीय अनमोल सिंह अपनी बेटी खुशी सिंह और पड़ोस की छात्रा खुशी बाजपेई को बीए समाजशास्त्र विषय का बैक पेपर दिलाने के लिए बिंदकी स्थित अभय प्रताप डिग्री कॉलेज गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 2 बजे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि कंसपुर ईंट भट्ठे के पास पहुंचते ही मुरादीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठी दोनों छात्राएं दूर जा गिरीं, जबकि अनमोल सिंह डंपर के पिछले पहिए के नीचे दब गए। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे डंपर चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पत्नी सविता सिंह उर्फ गोरी, बेटे अमन उर्फ सिद्धार्थ सिंह और बेटी खुशी सिंह सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार सुशील कुमार और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। करीब दो घंटे बाद परिजन शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को राजी हुए।
थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि आरोपी डंपर चालक बृजेश कुमार निवासी कंधवापुर, जनपद बाराबंकी को वाहन सहित हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार डंपर ने ली किसान की जान, सड़क हादसे से गांव में मातम
RELATED ARTICLES


