spot_img
Homeउत्तर प्रदेशराजस्व बढ़ाने के साथ व्यापारियों का भरोसा जीतें अधिकारी : सीएम योगी

राजस्व बढ़ाने के साथ व्यापारियों का भरोसा जीतें अधिकारी : सीएम योगी

लखनऊ (सं.भा.) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर विभाग को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ ईमानदार व्यापारियों को सुविधा, सम्मान और त्वरित समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाकर व्यापारियों का भरोसा मजबूत करना जरूरी है। मुख्यमंत्री सोमवार को राज्य कर विभाग के शासन, मुख्यालय और फील्ड स्तर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जीएसटी पंजीयन, रिटर्न दाखिले, रिफंड और अपील निस्तारण जैसी प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को जागरूक करने के लिए जिला और खंड स्तर तक सहायता कार्यक्रम चलाए जाएं तथा अधिकारी लगातार व्यापारियों से संवाद बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में राज्य कर विभाग की अहम भूमिका है। तकनीक और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग कर कर चोरी पर रोक लगाने के साथ वैध व्यापार को प्रोत्साहन देना भी जरूरी है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर व्यापारियों से सीधे संवाद करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश ने जीएसटी और वैट के जरिए 1.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक राजस्व संग्रह किया। जीएसटी संग्रह के मामले में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि महाराष्ट्र पहले और कर्नाटक तीसरे स्थान पर रहा। अप्रैल 2026 में भी प्रदेश के राजस्व संग्रह में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बैठक में फर्जी फर्मों और कर चोरी के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि बोगस फर्मों के खिलाफ सैकड़ों एफआईआर दर्ज की गईं और कई गिरफ्तारियां की गईं। वहीं करोड़ों रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट भी ब्लॉक की गई है।
मुख्यमंत्री ने लंबित अपीलों और रिफंड मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की कार्यशील पूंजी प्रभावित न हो, इसके लिए रिफंड प्रक्रिया को और तेज एवं पारदर्शी बनाया जाए। अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी रिफंड निस्तारण के मामले में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक सक्रिय जीएसटी करदाताओं वाला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डेटा आधारित निगरानी और एआई तकनीक के इस्तेमाल से कर प्रशासन अधिक प्रभावी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com