spot_img
Homeउत्तर प्रदेशचित्रकूट में दिखी शिवभक्ति की अद्भुत तस्वीर

चित्रकूट में दिखी शिवभक्ति की अद्भुत तस्वीर

  • मंदाकिनी में स्नान कर भक्तों ने भोलेनाथ को चढ़ाया जल

चित्रकूट (सं.भा.) सावन के दूसरे सोमवार को धर्मनगरी चित्रकूट पूरी तरह शिवमय नजर आई। तड़के से ही मंदाकिनी घाटों और शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

रामघाट पर तड़के करीब तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंदाकिनी में स्नान के बाद भक्त राजाधिराज मत्तगयेन्द्रनाथ मंदिर पहुंचे। पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे मंदिर के पट खुले और श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू किया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और पुलिस ने महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की।

भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, चंदन, अक्षत और पुष्प सहित विभिन्न पूजन सामग्री से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। सावन के प्रत्येक सोमवार की तरह इस बार भी दोपहर तक मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रहने की संभावना रही।

मत्तगयेन्द्रनाथ मंदिर के अलावा मड़फा दुर्ग स्थित पंचमुखी शिव मंदिर, पालेश्वरनाथ पहाड़ी, सोमनाथ मंदिर, परानबाबा बरगढ़ और ऋषियन आश्रम बरहा कोटरा सहित अन्य शिवालयों में भी भक्तों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। भीड़ को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com