spot_img
Homeउत्तर प्रदेशसैनिक सम्मान समारोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, कवियों ने बांधा समां

सैनिक सम्मान समारोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, कवियों ने बांधा समां

आजमगढ़ (सं.भा.) उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शनिवार को तमसा काव्य मंच आजमगढ़ एवं राष्ट्रीय कवि संगम आजमगढ़ इकाई के संयुक्त तत्वावधान में श्री मारवाड़ी धर्मशाला में सैनिक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सैनिकों के सम्मान के साथ कवियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर प्रभुनाथ सिंह ‘मयंक’ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रवेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। मंच का संचालन गीतकार विजयेंद्र कुमार श्रीवास्तव ‘करुण’ ने किया। समारोह के प्रथम सत्र में तमसा काव्य मंच के संस्थापक एवं युवा गीतकार राकेश पांडेय ‘सागर’ तथा संस्था के पदाधिकारियों ने भारतीय सेना से सेवानिवृत्त तीन वीर सैनिकों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में सैनिक शिक्षा कोर से सेवानिवृत्त वरिष्ठ साहित्यकार सूबेदार हरिहर पाठक, राजपूताना राइफल्स से सेवानिवृत्त सूबेदार संतोष कुमार सिंह तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग कोर से सेवानिवृत्त रिंकू गुप्ता शामिल रहे।

द्वितीय सत्र में कवयित्री सरोज यादव की सरस्वती वंदना के बाद कवि सम्मेलन हुआ। दिनेश ‘दानिश’, रुद्रनाथ चौबे ‘रूद्र’, संजय पांडेय ‘सरस’, विजयेंद्र श्रीवास्तव ‘करुण’, अनुपम पांडेय ‘अनहद’, संदीप गांधी ‘नेहाल’, आदित्य ‘आजमी’, शालिनी राय, राकेश पांडेय ‘सागर’, रवि प्रकाश, अजय कुमार पांडेय, रत्नेश राय एवं लोक कवि लालबहादुर चौरसिया ‘लाल’ सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं पर श्रोताओं ने तालियों से कवियों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने कहा कि “सैनिकों का सम्मान, राष्ट्र का सम्मान है।” उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति से जुड़े ऐसे आयोजन समाज को प्रेरणा देते हैं। अंत में कार्यक्रम संयोजक राकेश पांडेय ‘सागर’ ने सभी अतिथियों, सैनिकों, कवियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com