spot_img
Homeमुंबईमेडिकल नौकरी का झांसा देकर बांग्लादेशी महिलाओं से देह व्यापार

मेडिकल नौकरी का झांसा देकर बांग्लादेशी महिलाओं से देह व्यापार

 मालवणी पुलिस ने 14 को बचाया, 8 गिरफ्तार,

अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश

मुंबई (स भा)। मुंबई की मालवणी पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसमें 14 बांग्लादेशी महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है। प्रारंभिक कार्रवाई में तीन महिलाओं को बचाया गया था, लेकिन आगे की जांच में पता चला कि इन महिलाओं को मेडिकल सेक्टर में नौकरी का झूठा लालच देकर बांग्लादेश से मुंबई लाया गया और फिर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया। इस मामले में पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, मालवणी पुलिस ने कुछ समय पहले एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया था, जहाँ से तीन बांग्लादेशी महिलाओं को बचाया गया था। इन महिलाओं से पूछताछ में एक चौंकाने वाला सच सामने आया: उन्हें मुंबई के अस्पतालों में नौकरी दिलाने का झूठा वादा करके फंसाया गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक बड़ी और गहन जांच शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप इस बड़े अंतरराष्ट्रीय रैकेट का खुलासा हुआ।
बचाई गई ये महिलाएं बांग्लादेश के गरीब परिवारों से ताल्लुक रखती हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए काम की तलाश में थीं। आरोपियों ने उनकी इसी मजबूरी का फायदा उठाया। इन महिलाओं को अपनी बांग्लादेशी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड भी उपलब्ध कराए गए, और उसके बाद उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com