प्रयागराज (सं.भा.) बाढ़ के कारण कई महीनों से प्रभावित गंगा की सफाई व्यवस्था अब दोबारा पटरी पर लौटने लगी है। जलस्तर कम होते ही नगर निगम ने विशेष क्लीनिंग बोट को नदी में उतारकर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इस नाव के जरिए गंगा में जमा फूल-माला, पूजा सामग्री और अन्य तैरते कचरे को बाहर निकाला जा रहा है।
फिलहाल नागवासुकी मंदिर से संगम तक क्लीनिंग बोट के माध्यम से सफाई की जा रही है। विशेष तकनीक से तैयार इस नाव का इस्तेमाल इससे पहले अंदावा में विसर्जन के लिए बनाए गए तालाब की सफाई में भी किया गया था। नगर निगम अब इसी महीने यमुना में भी तैरते कचरे की सफाई शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वहां अलग नाव लगाई जाएगी।
नगर निगम के अवर अभियंता राम सक्सेना के अनुसार, गंगा और यमुना की सफाई के लिए दो अलग-अलग नावें उपलब्ध हैं। नदियों का जलस्तर अधिक बढ़ने पर सुरक्षा कारणों से सफाई रोकनी पड़ती है। फिलहाल यमुना की सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाली नाव तालाबों की सफाई में लगाई गई है। जल्द ही उसे यमुना में उतारा जाएगा। वहीं, संगम क्षेत्र की सफाई को और प्रभावी बनाने के लिए मेला प्राधिकरण भी एक अलग क्लीनिंग बोट खरीदने पर विचार कर रहा है।


