आपके अपने समाचार पत्र संगठन भारत की अनवरत नौ वर्ष की प्रकाशन यात्रा कब और कैसे पूरी हो गई, पता ही न चला। इस अंक के साथ हमने दसवें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। यह सब आप सभी सुधी पाठकों, शुभेच्छुओं और विज्ञापनदाताओं के सहयोग तथा समर्थन से ही संभव हो पाया है। खुशी की बात यह है कि हमने जिस गति से इस अखबार की शुरुआत की थी, आज भी उसी गति से हम आगे बढ़ रहे हैं। संगठन भारत की प्रकाशन यात्रा पर नजर डालते हैं तो पता चलता है कि अनगिनत उतार – चढ़ाव और कई झंझावातों को पार कर आपका अपना अखबार आज भी उसी तरह निर्भीक और अडिग होकर खड़ा है। हम कभी किसी के सामने झुके नहीं और न ही कोई हमें डरा सका। अपने अखबारीय दायित्व को भली प्रकार निभाते हुए हमने वही लिखा, जो जनहित में था। जनता का हित और उसके सरोकार का हमने हमेशा ध्यान रखा। जनहित के मुद्दे हमारी प्राथमिकताओं में रहे। हमारा मानना है कि जनता की दिक्कतें, उनकी मुश्किलें, उनके दुख और उनके सुख हमारे अपने हैं। हम जन के लिए हैं। यही हमारी ताकत भी हैं। हमारा अपना देश और समाज भिन्नताओं से भरा है। यहां हर जाति धर्म के लोग रहते हैं। हमारे देश की इसी गंगा जमुनी तहज़ीब की पूरी दुनिया कायल है। मुंबई महानगर इसी तहज़ीब का सबसे बड़ा उदाहरण है। इसीलिए तो हम होली, दिवाली, ईद, पटेटी, ओणम, क्रिसमस आदि इत्यादि बड़े ही हर्षोल्लास से एक साथ मिलकर मनाते हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि जिस तरह हम सब भिन्न भिन्न होते हुए भी एक हैं, उसी तरह आपका अपना समाचार पत्र भी आप सभी को उसी एकता के सूत्र में बांधता है। हमारा सदैव यही प्रयास रहा है। आने वाले वर्षों में भी हम अपनी इसी परंपरा को कायम रखते हुए आप सभी के सहयोग और समर्थन के साथ आगे बढ़ते रहेंगे। मौजूदा समय बड़ा ही कठिन है। कोरोना नामक महामारी ने पूरी दुनिया को अपने चंगुल में ले लिया है। हर कोई परेशानी के इस दौर से गुजर रहा है। अपने देश में भी इस महामारी ने दस्तक दे दी है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में लॉकडाउन घोषित करते हुए हम सभी को 21 दिनों तक अपने – अपने घरों में ही रहने को कहा है। हम भी अपने समाचार पत्र के माध्यम से आप सभी लोगों से अपील करते है कि आप सब प्रधानमन्त्री जी की बातों का शब्दशः पालन करें। खुद सुरछित रहें और परिवार को भी सुरछित रखें। इसी में हम सब का हित है। क्योंकि जिंदगी बची, तो ही हम सब आगे बढ़ेंगे। इसलिए जिंदगी को महफूज रखने के लिए हर कोई अपने घर में रहे। आप सभी की सुरक्षा की देवी मां से प्रार्थना के साथ ही हम उम्मीद करते हैं कि हम सभी मिलकर इस महामारी को नष्ट कर देंगे। जय हिंद….


