spot_img
Homeमुंबईमुंबई में नशाखोरों का आतंक, कांदिवली में युवकों पर हमला

मुंबई में नशाखोरों का आतंक, कांदिवली में युवकों पर हमला

मुंबई (सं.भा.): मुंबई में नशाखोरों और असामाजिक तत्वों से जुड़ी घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला कांदिवली पश्चिम का है, जहां अंशुल हाइट्स सोसायटी के बाहर दो युवकों पर हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार वसंत कॉम्प्लेक्स, चिकूवाड़ी के पास स्थित अंशुल हाइट्स सोसायटी के बाहर देर रात गोलू मिश्रा और विशाल यादव अपने मित्र सौरव यादव के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। रात 12 बजे का इंतजार करते समय पास की झोपड़पट्टी से आए एक नाबालिग ने सिगरेट के लिए उनसे पैसे मांगे। मना करने पर कहासुनी बढ़ी और थोड़ी ही देर में 10–15 लोग वहां जमा हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की, सोने की चेन छीनने की कोशिश की और एक के पास चाकू जैसा हथियार भी था।

युवकों ने किसी तरह सोसायटी के भीतर भागकर खुद को बचाया, लेकिन हमलावर परिसर में घुस आए और पत्थरबाजी करने लगे। तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और एहतियात के तौर पर गेट बंद कर दिए, जिससे बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद रहवासियों में भय और आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि महावीर नगर सिग्नल के आसपास अक्सर भिखारियों के भेष में नशाखोरों का जमावड़ा लगा रहता है। वहीं वसंत कॉम्प्लेक्स के आगे बीएमसी सीबीएसई स्कूल के बगल में बने गार्डन में भी नशेड़ियों की मौजूदगी की शिकायत है। यह क्षेत्र बोरीवली पुलिस स्टेशन की हद में आता है, जिसके कारण समन्वय की कमी से उचित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय रहवासियों ने मांग की है कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरों के जमावड़े पर स्थायी अंकुश लगाया जाए और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com