फतेहपुर (सं.भा.)उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में भारतीय स्टेट बैंक की बिंदकी रोड चौडगरा शाखा ने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाली खाताधारक अनामिका देवी के नॉमिनी शैलेंद्र दीक्षित, निवासी मवईया, को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के तहत 20 लाख रुपये का क्लेम चेक प्रदान किया।
अनामिका देवी ने अपने बचत खाते पर मात्र 1,000 रुपये के वार्षिक प्रीमियम से 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर लिया था। सड़क दुर्घटना में उनके आकस्मिक निधन के बाद बैंक ने बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी कर नॉमिनी को यह राशि सौंपी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक हिमांशु प्रकाश, शाखा प्रबंधक नीरज कुमार साहू, उप प्रबंधक सनय कुमार सहित अन्य बैंककर्मी उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को दुर्घटना बीमा के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, निर्धारित वार्षिक प्रीमियम पर 20 लाख, 40 लाख और 60 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध है।
इसके तहत 1,000 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 20 लाख रुपये, 2,000 रुपये पर 40 लाख रुपये और 3,000 रुपये पर 60 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है। बैंक ने ग्राहकों से बीमा योजनाओं की जानकारी लेकर अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।


