- प्रशासन की निष्क्रियता से ग्रामीण चिंतित
फतेहपुर (सं. भा.) फतेहपुर जिले के जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में गंगा और पांडु नदियों का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर बह रहा है, जिससे कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। चेतावनी के बावजूद प्रशासन अब तक प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने नहीं पहुंचा है। राहत शिविर और बाढ़ चौकियां खाली पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और चिंता बढ़ती जा रही है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष भिठौरा की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार सुबह 100.310 मी पर गंगा का पानी बह रहा है। खतरे का निशान 100.860 मीटर पर है। चेतावनी बिंदु 99.860 मीटर पर है। रिपोर्ट के मुताबिक चेतावनी बिंदु से गंगा का पानी 45 सेंटीमीटर ऊपर तथा खतरे के निशान से 55 सेंटीमीटर नीचे है।
गंगा और पांडु नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है। देश की नदियां उफान पर हैं। औसेरीखेड़ा, जाड़े का पुरवा, दरियापुर बांगर, नया खेड़ा, बड़ा खेड़ा, मल्लू खेड़ा, दरियापुर कटरी, सदनहा, काली कुंडी, बिंदकी फॉर्म, बेनी खेड़ा, बेरनारी रामघाट गांवों के ग्रामीण जल स्तर बढ़ने से चिंतित हैं। यह सभी आशापुर, अभयपुर और गलाथा ग्राम सभा के गांव हैं। आशापुर ग्राम प्रधान ओम नारायण कश्यप, अभयपुर ग्राम प्रधान रामदास निषाद, गलाथा प्रधान रघुवंश यादव ने बताया पानी बढ़ने की रफ्तार पिछली बार की अपेक्षा तेज है।
राहत शिविर तथा बाढ़ चौकी खाली
बाढ़ राहत शिविर में कटीली झाड़ियां घास- फूस खड़ा है। बाढ़ चौकी महुआ घाटी और डाक बंगला आशापुर तथा शिवराजपुर में स्टाफ तैनात नहीं है। बाढ़ की निगरानी के लिए कोई कर्मचारी तैनात नहीं है। अभी गंगा और पांडु नदी का पानी तराई के खेतों में ही पहुंचा है। पानी बढ़ने की रफ्तार बहुत तेज है। अगर इसी रफ्तार से पानी बढ़ता है तो कटरी के गांव को बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा।


