spot_img
Homeउत्तर प्रदेशयोगी कैबिनेट में शामिल होते ही मनोज पांडेय ने खोला मोर्चा, अखिलेश...

योगी कैबिनेट में शामिल होते ही मनोज पांडेय ने खोला मोर्चा, अखिलेश यादव पर साधा निशाना

लखनऊ, (सं. भा.): उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद उन्होंने सपा और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। लखनऊ में शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज पांडेय ने कहा कि वह राष्ट्रवाद और सनातन की विचारधारा के साथ खड़े हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी उनकी सोच को बर्दाश्त नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें भगवान राम के मंदिर दर्शन तक करने से रोका गया था।
मनोज पांडेय ने कहा कि जिस दल को एक “मनोज पांडेय” स्वीकार नहीं हुआ, वह दल भगवान राम के मंदिर को भी राजनीति के चश्मे से देखता रहा। उन्होंने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इसे राजनीतिक मुद्दा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि जब 2012 से 2017 तक प्रदेश में उनकी सरकार थी तब गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों के लिए क्या काम किए गए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को सम्मान निधि, गरीबों को मुफ्त राशन और हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने जैसी योजनाओं को जमीन पर उतारा है। मनोज पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश विकास और जनकल्याण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com