बोरीवली में मोबाइल चोर आरपीएफ के हत्थे चढ़ा
मुंबई( सं.भा.): भीड़भाड़ वाले बोरीवली स्टेशन पर आरपीएफ की सतर्क नज़र से एक शातिर चोर बच नहीं सका। प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक से पूछताछ हुई तो एक लाख तैंतालीस हजार रुपये कीमत के मोबाइल चोरी का राज़ खुल गया। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई ने आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
बोरीवली आरपीएफ की सीपीडीएस टीम के— कांस्टेबल कमलेश स्वामी, हेड कांस्टेबल विनोद मोयल, कांस्टेबल रवि कुंतल और कांस्टेबल हरिशंकर यादव — ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर गश्त के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा। पूछताछ में युवक की पहचान राजू भुअर निषाद (34 वर्ष) के रूप में हुई।
सख्त पूछताछ में राजू ने खुलासा किया कि उसने 1 नवम्बर 2025 को बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से एक लाख तैंतालीस हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन चोरी किया था। आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को जीआरपी बोरीवली के हवाले किया।
जीआरपी ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेलवे परिसरों में अपराध पर अंकुश लगाना है।


