मुंबई (सं भा): कांदिवली के महावीर नगर स्थित अष्टमी भोग होटल में हुई ₹1,75,000 की चोरी के मामले में फरार नौकर को कांदिवली पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय करणलाल हर्ष शर्मा के रूप में हुई है, जो होटल में कई महीनों से कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात आरोपी ने होटल बंद करते समय लॉकर से ₹1,75,000 नकदी चोरी की और फरार हो गया। अगले दिन जब होटल मालिक ने कैश की गिनती की तो रकम गायब मिली। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर करणलाल को आधी रात करीब 12:15 बजे लॉकर खोलते और नकदी निकालते हुए देखा गया। इसके बाद होटल मालिक ने कांदिवली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकवडे के मार्गदर्शन में पीएसआई नितिन साटम की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और मोबाइल ट्रैकिंग के आधार पर टीम ने आरोपी का लोकेशन हैदराबाद में ट्रेस किया और उसे वहां से गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया।
कांदिवली पुलिस स्टेशन में तैनात पीएसआई नितिन साटम ने बताया कि आरोपी को पहले चार दिन की पुलिस कस्टडी में रखा गया था, जहां पूछताछ के बाद अब उसे न्यायिक हिरासत (जेल कस्टडी) में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि चोरी की कुछ रकम खर्च की जा चुकी है, जबकि शेष रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, करणलाल होटल का विश्वसनीय कर्मचारी था और लॉकर की चाबियां उसी के पास रहती थीं। मालिक ने उस पर पूरा भरोसा किया था, लेकिन उसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।


