मुंबई (सं.भा.): शहर में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करने वाला मामला सामने आया है। मालाड (पश्चिम) स्थित एक स्कूल में पांच वर्षीय बच्ची से कथित छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल में कार्यरत 30 वर्षीय चपरासी को मालाड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने करीब 20 दिनों तक पुलिस को सूचना नहीं दी, जिसके चलते स्कूल के सीईओ के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। मालाड पुलिस के अनुसार यह घटना 12 जनवरी को स्कूल परिसर के भीतर हुई थी। इस संबंध में दर्ज एफआईआर में बच्ची की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी चपरासी ने स्कूल परिसर में बच्ची को अनुचित तरीके से छुआ और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद तुरंत जांच शुरू की गई और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, घटना को समय रहते पुलिस तक नहीं पहुंचाने और मामले को दबाने के प्रयास के आरोप में स्कूल प्रशासन की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है, जिस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


