मुंबई (सं.भा.): देश में बढ़ती हेट स्पीच की घटनाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक बार फिर गंभीर बहस शुरू हो गई है। मालाड के सामाजिक कार्यकर्ता जमील मर्चेंट ने भाजपा नेता नितेश राणे के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में नई लिखित दलीलें दाखिल करते हुए आरोप लगाया है कि भड़काऊ भाषणों के बावजूद पुलिस और प्रशासन ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। वरिष्ठ अधिवक्ता एजाज मकबूल के माध्यम से दाखिल याचिका में कहा गया है कि नितेश राणे पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें बड़ी संख्या हेट स्पीच से जुड़े मामलों की है। इसके बावजूद कथित रूप से सार्वजनिक मंचों से नफरत फैलाने वाले बयान लगातार दिए जा रहे हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
याचिकाकर्ता ने कोर्ट को अवगत कराया कि हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए शपथपत्र में स्वयं नितेश राणे ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या स्वीकार की है, जिनमें से कई सीधे तौर पर सांप्रदायिक बयानबाजी से जुड़े हैं। आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी जांच की गति बेहद धीमी रही और किसी ठोस कार्रवाई के संकेत नहीं मिले। दलीलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत संस्था ‘इंडिया हेट लैब’ की 2025 की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें नितेश राणे को भारत में हेट स्पीच देने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 के दौरान देशभर में हेट स्पीच की घटनाओं में लगभग 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
जमील मर्चेंट ने सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया है कि सांसदों और विधायकों द्वारा दिए जाने वाले हेट स्पीच मामलों में जांच और चार्जशीट दाखिल करने के लिए समयबद्ध प्रक्रिया तय की जाए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी नफरत फैलाने वाले कंटेंट को हटाने के लिए कानूनी रूप से जवाबदेह बनाया जाए। याचिका में यह भी मांग की गई है कि 3 मार्च 2024 की कथित घटना से जुड़े मामले में यदि अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है, तो पुलिस को तत्काल ऐसा करने का निर्देश दिया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट से सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की गई है।


