चमन इरफान
फतेहपुर( सं.भा.)उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। पिलखिनी गांव में गैस लीक होने से दो कमरों के मकान में हुए भीषण विस्फोट में 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए।
जानकारी के मुताबिक, मकान के अंदर गैस रिसाव होने के बाद अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे घर के भीतर मौजूद 6 लोग इसकी चपेट में आ गए। धमाके और आग की लपटें देखकर बाहर मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन बचाव करने पहुंचे 3 लोग भी झुलस गए। हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मलवां मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। प्रशासन ने घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया, जिसके जरिए एंबुलेंस को तेजी से कानपुर रवाना किया गया।
अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि हादसा सिलेंडर फटने से नहीं बल्कि गैस लीक होने की वजह से हुआ। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए मेडिकल टीम को निर्देश दिए गए हैं। एसपी और जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कल्याणपुर थाना क्षेत्र बड़ा हादसा झेल चुका है। कुछ समय पहले पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने कई जिंदगियां छीन ली थीं और पूरे इलाके को दहला दिया था। अब एक बार फिर गैस ब्लास्ट की घटना ने लोगों में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे हादसों से इलाके के लोग सहमे हुए हैं।


