मीरा रोड (सं. भा.) मीरा रोड स्थित नयानगर पुलिस ने एक 55 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है जिसने गुरुवार को अपने 69 वर्षीय पति की पत्थर से सिर कुचल कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने कहा कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ और अवसादग्रस्त है। पुलिस ने कहा कि राजकुमारी गुप्ता नाम की महिला ने गुरुवार को सेक्टर 7 के शांति नगर स्थित अपने फ्लैट में पति रमेश कुमार गुप्ता की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने मृतक के सिर पर कई बार मसाला पिसने वाले सीलबट्टे से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के बेटे को पड़ोसियों से झगड़े के बारे में पता चला और वह शाम करीब 4.40 बजे घर पहुंचा। उसने अपने पिता का शव खून से लथपथ देखकर पुलिस को सूचित किया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह अवसादग्रस्त थी, जिसके कारण उसका अक्सर मृतक से झगड़ा होता था। जोन 1, एमबीवीवी के डीसीपी जयंत बजबाले ने कहा, “मृतक के बेटे की शिकायत पर हमने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला को आईपीसी की धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।”


