मिशन शक्ति के तहत चला जागरूकता अभियान
अमेठी(स भा): मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता पर केंद्रित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। गौरीगंज में महिला थाना प्रभारी कंचन सिंह के नेतृत्व में हुई चौपाल में महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं और महिलाओं को निडर होकर अपनी बात रखने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान महिला बीट अधिकारियों ने गांवों और स्कूलों में चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं — जैसे 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपात सेवा और 1098 चाइल्ड लाइन — की जानकारी दी।
साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा केंद्रों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों में गश्त कर सुरक्षा का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में सम्मान व सुरक्षा की भावना को सशक्त करना है।


