- अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश
राकेश चौबे
नालासोपारा: (सं.भां) लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या झेल रहे नागरिकों को राहत दिलाने के लिए नालासोपारा के विधायक राजन नाईक ने विरार के नारंगी फाटा पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का दौरा किया। यह पुल पिछले छह साल से निर्माणाधीन है, लेकिन अब तक इसका काम पूरा नहीं हो सका है।
हाल ही में नागपुर में आयोजित शीतकालीन सत्र के दौरान विधायक नाईक ने विधान भवन में वसई विरार महानगरपालिका क्षेत्र में प्रस्तावित चार नए पुलों की जरूरत पर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। उसी क्रम में नारंगी फाटा पर बन रहे इस पुल की धीमी प्रगति का जायजा लेने के लिए उन्होंने रेलवे, लोक निर्माण विभाग और वसई विरार मनपा के अधिकारियों से मुलाकात की।
स्थानीय भूमिपुत्रों ने विधायक के दौरे के दौरान मनपा और अन्य कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुल का नक्शा बदलने और कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची गई है। इन आरोपों पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे भूमिपुत्रों की शिकायतों का समाधान करें और पुल का निर्माण जल्द पूरा करें।
इस मौके पर विधायक के साथ शिवसेना नेता सुदेश चौधरी, भाजपा नेता कैलास पाटिल, जिला उपाध्यक्ष मनोज बारोट, संजोग यांडे, युवा अध्यक्ष विनीत तिवारी, विरार पूर्व शहर अध्यक्ष नारायण मांजरेकर, विरार पश्चिम शहर अध्यक्ष रवि पुरोहित और नालासोपारा पश्चिम शहर अध्यक्ष जय प्रकाश वझे समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।
विधायक नाईक ने स्पष्ट किया कि पुल का निर्माण कार्य अब और देरी से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्होंने सभी अधिकारियों को इसके लिए ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


