लखनऊ (सं.भा.)चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दल अपनी-अपनी सियासी बिसात बिछाने और मतदाताओं को साधने की कवायद तेज कर देते हैं। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी यही तस्वीर नजर आने लगी है। समाजवादी पार्टी ने अभी से अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर चुनावी घोषणापत्र जारी करने का ऐलान किया है। इसे ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है।
अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने घोषणापत्र को ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ बताते हुए कहा कि इसे संविधान दिवस के अवसर पर जारी किया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
समाजवादी पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग को अपनी रणनीति का प्रमुख आधार बनाया था। उस चुनाव में पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 37 पर जीत दर्ज की थी। अब विधानसभा चुनाव में भी सपा इसी सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की कोशिश में है।
इसी रणनीति के तहत अखिलेश यादव लगातार पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। पार्टी दूसरे दलों के पिछड़े और दलित नेताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश भी कर रही है। अखिलेश यादव का कहना है कि पीड़ित और वंचित तबके के लोगों को पीडीए के दायरे में शामिल कर उनकी आवाज उठाई जाएगी।
वहीं, सपा अध्यक्ष भाजपा सरकार पर दलितों और पिछड़ों के साथ अन्याय होने का आरोप लगाते रहे हैं। उनका दावा है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन वर्गों के अधिकारों और सम्मान के लिए काम किया जाएगा।
फिलहाल, 26 नवंबर को जारी होने वाले ‘पीडीए के प्रणपत्र’ को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता है। घोषणापत्र में किन मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी और जनता से क्या वादे किए जाएंगे, इसका खुलासा जारी होने के बाद ही होगा। इतना तय है कि सपा ने इस ऐलान के जरिए 2027 के चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों का संकेत दे दिया है।


