- 17 नवंबर से होगी चर्चा
लखनऊ, (सं.भा.) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की सुगबुगाहट तेज हो गई है। गठबंधन में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। सामने आई इस सूची में पार्टी ने अपने पुराने राजनीतिक गढ़ रायबरेली और अमेठी की लगभग सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसके अलावा लखनऊ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल की कई महत्वपूर्ण सीटों को भी अपनी प्राथमिकता में रखा है।
कांग्रेस की सूची में रायबरेली सदर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, सरेनी, ऊंचाहार, तिलोई, जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी जैसी सीटें शामिल हैं। वहीं लखनऊ की मोहनलालगंज, मलिहाबाद, सरोजनी नगर और लखनऊ पूर्व सहित कई सीटों पर पार्टी ने दावा किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और बुलंदशहर की सीटों को सूची में जगह मिली है। ब्रज क्षेत्र, रुहेलखंड, कानपुर, बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल के साथ वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर, बलिया और मिर्जापुर क्षेत्र की कई सीटों पर भी कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है।
सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की सोमवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, पार्टी पहले ही समाजवादी पार्टी को 180 से 200 सीटों की सूची सौंप चुकी है। दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से सीटों को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। इसके लिए दोनों पार्टियां अपनी-अपनी कमेटियां गठित कर रही हैं, जो विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति और उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी।
कांग्रेस का कहना है कि गठबंधन में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए, लेकिन उसका मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक सीटें जीतना है। दोनों दलों की कमेटियां प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र पर अपना पक्ष रखेंगी और आपसी सहमति से संभावित उम्मीदवारों तथा सीटों पर विचार करेंगी। बातचीत के बाद रिपोर्ट दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अब देखना होगा कि कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर समाजवादी पार्टी कितनी सहमति जताती है और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन का सीट बंटवारा किस फार्मूले पर तय होता है।


