फतेहपुर (सं.भा.): पारिवारिक खुशी के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गोद भराई जैसे खुशी के मौके पर आई एक किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई, जिससे हंसी-खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट मजरे चंदनमऊ गांव में सोमवार सुबह यह हादसा हुआ। पुनवार गांव निवासी 15 वर्षीय अंजू कुमारी अपने मामा के घर आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। सुबह करीब सात बजे वह अपनी सहेलियों के साथ गांव के पास बह रही यमुना नदी में नहाने गई थी।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अंजू अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। सहेलियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाने के प्रयास शुरू किए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला गया।
जब उसे बाहर निकाला गया तब उसकी सांसें चल रही थीं। परिजन तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह के मुताबिक मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार अंजू अपने माता-पिता की चार बेटियों में दूसरे नंबर पर थी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
यमुना में नहाने गई किशोरी की डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम
RELATED ARTICLES


