बांदा (सं. भा.) : पर्यटन की असीम संभावनाओं व वीर गाथाओं की थाती सहेजे बुंदेलखंड का नाम फिर विश्व पटल पर चमका है। इस बार वजह बनी है जिले के लोहारी गांव से करीब सौ साल पहले चोरी हुई योगिनी माता की मूर्ति (स्थानीय भाषा में महामाई दाई), जो लंदन के ब्रिटेन में बरामद हुई है। मूर्ति को भारत वापस लाए जाने की खबर से हर कोई खुश है। ग्रामीण कहते हैं, ये आस्था और विश्वास की जीत है। माता फिर अपने भक्तों का कल्याण करने आ रहीं हैं।
तिदवारी के लोहारी गांव के बाहर एक बाग के पास टीलानुमा स्थान है। भारतीय उच्चायोग की जानकारी के अनुसार, यहीं से चोरी मूर्ति ब्रिटेन में एक महिला के घर बरामद हुई, जिसे वापस लाने की तैयारी है। ग्रामीणों के मुताबिक, टीले पर माता का भव्य मंदिर था, जो समय के साथ नष्ट हो गया। गांव से मूर्ति कब चोरी हुई और कहां गई, ये ठीक से किसी को नहीं पता है। हालांकि, मंदिर स्थल में करीब 200 साल से पूजा-अर्चना हो रही। गांव के 85 वर्षीय राम सजीवन ने बताया कि अंग्रेजों के शासनकाल से पहले तक मूर्ति मंदिर में थी। इसके बाद से ही गायब हुई। ऐसा उनके पूर्वज बताते थे। भारत की खोई मूर्तियों और कलाकृतियों को स्थापित कराने के काम में जुटी संस्था इंडिया प्राइड प्रोजेक्ट के सह संस्थापक विजय कुमार ने बताया कि कई साल से इसके लिए प्रयासरत थे। योगिनी माता की मूर्ति कुछ महीने में ही भारत आ जाएगी।
शाक्त पूजा में मिलता इतिहास : इतिहासकार
बांदा के नरैनी रोड स्थित राजादेवी डिग्री कालेज के प्राचार्य एवं इतिहास के प्रवक्ता डा. संतोष कुमार के मुताबिक, छठीं से 10वीं सदी के बीच शाक्त पूजा का इतिहास मिलता है। इसमें दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, 64 योगिनी, काली जैसी अनेक देवियों की आराधाना का उल्लेख है। चंदेल काल में बुंदेलखंड का महोबा भले ही सैन्य राजधानी रहा है, लेकिन खजुराहो व कालिंजर सांस्कृतिक राजधानी के रूप में था। उस दौरान गांवों में ऐसी मूर्तियों की पूजा तंत्र-मंत्र की शक्ति के लिए भी की जाती थी। चित्रकूट के लोखारी की योगिनी वृषानन प्रतिमा दिल्ली म्यूजियम में
चित्रकूट के लोखारी गांव में भी दुर्लभ तृष्णा योगिनी वृषानन मूर्ति थी। यहां की मूर्ति इंग्लैंड के जरिए फ्रांस पहुंची थी। अतर्रा के पुनाहुर गांव के मूल निवासी व अखिल भारतीय बुंदेलखंड विकास मंच के सचिव नसीर अहमद सिद्दीकी की पैरवी से यह मूर्ति 2019 में भारत लाई गई थी, जो नेशनल म्यूजियम दिल्ली में रखी है।


