spot_img
Homeउत्तर प्रदेशकिसानों को डीएपी से वंचित करने पर सहकारिता विभाग घिरा, डीसीबी चेयरमैन...

किसानों को डीएपी से वंचित करने पर सहकारिता विभाग घिरा, डीसीबी चेयरमैन प्रभुदत्त दीक्षित ने जताया रोष

प्रमोद श्रीवास्तव

फतेहपुर (सं. भा.): जनपद में इस समय गेहूं की बुवाई और आलू की फसल की देखभाल का दौर चल रहा है, लेकिन किसानों के लिए यह सीजन खाद संकट की वजह से मुश्किल बनता जा रहा है। पर्याप्त भंडारण के बावजूद सहकारिता विभाग द्वारा कुछ चुनिंदा समितियों को ही डीएपी उपलब्ध कराए जाने से डीएपी संकट गहराने लगा है।
इस स्थिति पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) के चेयरमैन प्रभुदत्त दीक्षित ने कड़ी नाराज़गी जताई है और डिप्टी रजिस्ट्रार सहकारिता प्रयागराज से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
दीक्षित ने आरोप लगाया है कि विभाग के कुछ अधिकारियों ने जानबूझकर खाद वितरण में असमानता बरती है और “ब्लैकिया छवि” वाली समितियों को अतिरिक्त डीएपी खेप भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की भारी मांग के बावजूद बी-पैक्स हरिहरगंज जैसी प्रमुख समितियों को अब तक खाद नहीं दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, दीक्षित ने प्रयागराज मंडल के डिप्टी रजिस्ट्रार को फोन पर बताया कि सहायक निबंधक राजेश कुमार और संग्रह सहायक अनिल वर्मा खाद वितरण प्रक्रिया में गड़बड़ियों में शामिल हैं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीआर, को-ऑपरेटिव, प्रयागराज मंडल ने जिलाधिकारी फतेहपुर से रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने एडीएम (वित्त) को तलब करते हुए पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।
इधर, बी-पैक्स सीतापुर में डीएपी की कथित कालाबाज़ारी का मामला भी सामने आया है। समिति अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने अपने सचिव पर 80 बोरी डीएपी ब्लैक करने और विभागीय मिलीभगत से एक ट्रक खाद मंगवाकर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है।
स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से शिकायत की, जिन्होंने डीएम को जांच के आदेश दिए।
हालांकि एक सप्ताह बीतने के बाद भी जांच टीम का गठन नहीं किया जा सका है।
डीसीबी चेयरमैन प्रभुदत्त दीक्षित ने कहा कि, “जनपद में पर्याप्त डीएपी होने के बावजूद किसानों को वंचित रखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सहकारिता विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में है। मैंने डिप्टी रजिस्ट्रार से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com