spot_img
Homeमुंबईविधवा महिलाओं को शादी का झांसा देकर लूटने वाला गिरफ्तार

विधवा महिलाओं को शादी का झांसा देकर लूटने वाला गिरफ्तार

आठ को लगा चुका है लाखों की चपत

मुंबई (सं. भा.) – विधवा महिलाओं को शादी का झांसा देकर गहने और नकदी लूटने वाले 51 वर्षीय प्रमोद नाईक को दिंडोशी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अब तक आठ महिलाओं को इसी तरह लाखों रुपये की चपत लगा चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की नकदी और गहने बरामद कर लिए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं को ठगने के लिए मैट्रिमोनियल वेबसाइट का इस्तेमाल करता था। खुद को विधुर बताकर वह उन महिलाओं से संपर्क करता, जो अकेली थीं और जीवनसाथी की तलाश में थीं। आरोपी ने खुद को एक इवेंट कंपनी में वित्तीय प्रमुख बताकर भरोसा जीतता था और शादी की सहमति मिलते ही जाल बिछा देता था।

दिंडोशी पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, एक महिला ने बताया कि उसके पति की मौत 2008 में हो गई थी। बेटी की शादी के बाद वह अकेली पड़ गई और परिवार के दबाव में उसने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाया। वहां उसकी मुलाकात प्रमोद नाईक से हुई, जिसने खुद को विधुर और इवेंट कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताया। कुछ मुलाकातों के बाद दोनों ने गोरेगांव स्थित एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों मालाड के एक फ्लैट में साथ रहने लगे।

महिला ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ ही दिनों बाद एक सुबह जब वह उठी, तो घर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। पति प्रमोद गायब था, और साथ ही 17 लाख रुपये के गहने और नकदी भी। जब महिला ने उसे फोन किया, तो उसका मोबाइल बंद मिला। घबराई हुई महिला पति के बताए गए कार्यालय पहुंची, तो पता चला कि वह वहां से भी लाखों रुपये का गबन कर फरार हो चुका है। वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश में पहले भी कई महिलाएं वहां आ चुकी हैं। तब महिला को समझ आया कि वह एक ठगी का शिकार हो गई है। इसके बाद उसने दिंडोशी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर डीसीपी स्मिता पाटील के नेतृत्व में जांच शुरू की। कॉल डिटेल और मैट्रिमोनियल वेबसाइट की जानकारी खंगाली गई, जिससे आरोपी की लोकेशन का पता चला। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आखिरकार आरोपी प्रमोद नाईक को दिंडोशी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने आठ महिलाओं को इसी तरह शादी का झांसा देकर लूटने की बात कबूल की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पहले से ही शादीशुदा था और उसका परिवार पुणे में रहता है। वह पहले एक निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन अवैध ढंग से पैसा कमाने की आदत ने उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया। वह इंटरनेट पर ऐसी महिलाओं को निशाना बनाता, जो विधवा थीं और जीवन में दोबारा बसने की इच्छुक थीं। उनसे मुलाकात के दौरान वह खुद को सच्चा, संवेदनशील और परिवार के लिए समर्पित व्यक्ति बताता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी और गहने जब्त कर लिए हैं और अन्य पीड़ित महिलाओं की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि ऑनलाइन विवाह संबंधित वेबसाइटों पर सतर्कता बरतें और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही किसी पर विश्वास करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com