बांदा (पुष्पलता गौतम) यूपी में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण चरण का नॉमिनेशन आज खत्म हो गया है, यूपी के बांदा में भी आज यूपी में सक्रिय चारों सियासी दलों के धुरंधरों ने आज अपना पर्चा दाखिल किया है। बांदा में सबसे मजेदार बात यह रही कि समाजवादी पार्टी में जहां बांदा नगर पालिका चुनाव में आज आखिरी दिन तीसरी बार प्रत्याशी बदला गया, वहीं कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी को बदल दिया है और इन दलों में सियासी कशमकश का दौर अब खत्म हो गया है।

नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के नामांकन में आज आखिरी दिन बांदा में सभी दलों के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी ने कल देर शाम ही शहर के प्रतिष्ठित व्यवसाई की पत्नी मालती गुप्ता पर अपना भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है। बांदा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मालती गुप्ता ने आज अपना नामांकन भरा है तो वहीं कांग्रेस ने अपने घोषित प्रत्याशी पूर्व चेयरमैन संजय गुप्ता की पत्नी साधना गुप्ता का टिकट काटते हुए आदिशक्ति दीक्षित को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर आदिशक्ति दीक्षित ने आज दोपहर अपना नामांकन दाखिल किया। सबसे ज्यादा खींचा – तानी समाजवादी पार्टी में देखने को मिली है जहां निवर्तमान चेयरमैन मोहन साहू की पत्नी गीता मोहन साहू को 4 दिन पहले समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन 2 दिन पूर्व गीता का टिकट काटकर सपा नेता विदित त्रिपाठी की पत्नी रुचि त्रिपाठी को अधिकृत कर दिया गया, लेकिन आज नामांकन के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर रुचि त्रिपाठी के टिकट को निरस्त करते हुए दोबारा गीता मोहन साहू को सपा प्रत्याशी के तौर पर अधिकृत किया और गीता मोहन साहू ने आज नामांकन स्थल पहुंच कर सपा प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन भरा है। बसपा की ओर से आज अंतिम दिन समाजसेवी ए एस नोमानी की पत्नी ने बतौ प्रत्याशी नामांकन दाखिल किया है। इन चारों प्रत्याशियों के अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशी भी हैं जिन्होंने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। वहीं बांदा में आम आदमी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम की तरफ से कोई भी प्रत्याशी नगर पालिका अध्यक्ष के लिए मैदान में नहीं उतारा गया है नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर नामांकन करने वाली महिला प्रत्याशियों ने अलग-अलग दावे और वादे करने शुरू कर दिए हैं ।



